आयुष्मान भारत योजना वाले अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं की पम्फ्लेट के जरिए लाभार्थियों को दी जा रही जानकारी

गाजियाबाद। आयुष्मान लाभार्थियों को योजना के तहत किस अस्पताल में कौन सी बीमारी का बीमारी का उपचार मिलेगा, इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग ने लाभार्थियों को देनी शुरू कर दी है। आयुष्मान भारत योजना के तहत उपचार करने वाले कौन से अस्पताल में कौन-कौन सी सुविधाएं उपलब्ध हैं, अब लाभार्थियों के पास पहले से यह जानकारी उपलब्ध रहेगी। इसके लिए विभाग ने एक पम्फ्लेट छपवाया है। पम्फ्लेट में योजना से संबंद्ध जिले के सभी अस्पतालों के सूची है और उनमें कौन-कौन सी बीमारियों का उपचार अपलब्ध है, इसकी पूरी जानकारी दी गई है। यह पंम्फ्लेट आशा, एएनएम, आरडब्ल्यूए और ग्राम प्रधानों तक पहुंचाया जा रहा है। 


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने बताया जिले के सात सरकारी अस्पातलों में योजना के लाभार्थियों का उपचार किया जाता है। इसके अलावा 26 निजी अस्पतालों में योजना के तहत उपचार की सुविधा उपलब्ध है। कई बार देखा गया है कि मरीजों को अस्पताल से उपचार के बिना लौटा दिया जाता है, क्योंकि अस्पताल में संबंधित बीमारी का उपचार आयुष्मान योजना के तहत उपलब्ध नहीं है। इसके कारण मरीजों को परेशान होना  पड़ता है। इस मामले में शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने पम्फ्लेट छपवाकर आशा और एएनएम को सौंपे हैं। आशा और एएनएम इन पम्फ्लेट्स को लाभार्थियों तक पहुंचाने का काम कर रही हैं।


लाभार्थियों के अलावा ये पम्फ्लेट ग्राम प्रधानों के पास भी पहुंचाए  जा रहे हैं। शहरी क्षेत्रों के लाभार्थियों तक सूचना पहुंचाने के लिए आरडब्ल्यूए का भी सहारा लिया जा रहा है।  उन्हें भी पम्फ्लेट वितरित किए गए हैं जिससे ज्यादा से ज्यादा लाभार्थियों तक अस्पतालों के बारे में और उनमें उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी पहुंच सके।


पिछले दिनों जनपद के एक निजी अस्पताल में इस तरह का मामला सामने आया था जहां अस्पताल में संबंधित बीमारी के उपचार की व्यवस्था न होने के कारण गंभीर मरीज को लौटा दिया गया था और उपचार के अभाव में मरीज ने दम तोड़ दिया था।