चार बार भाजपा विधायक बल्ली आप में शामिल

नयी दिल्ली 25 जनवरी (वार्ता)। दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उस समय जोर का झटका लगा जब हरिनगर विधान सभा सीट से चार बार विधायक रहे हरशरण सिंह बल्ली ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) का दामन थाम लिया।
श्री बल्ली ने यहां आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर आप नेता एवं उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे।
दिल्ली विधानसभा के चुनाव आठ फरवरी काे होना है। मतगणना 11 फरवरी को होगी। विधान सभा चुनाव में आप, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में त्रिकोणीय मुकाबला देखा जा रहा है।