जेएनयू हिंसा के दाेषियों को गिरफ्तार करें सरकार: कांग्रेस

नयी दिल्ली 09 जनवरी (वार्ता) कांग्रेस ने दिल्ली के जवाहर लाल नेहरु विश्वविद्यालय (जेएनयू) में हिंसा के दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि इसके लिए केंद्रीय गृहमंत्री और मानव संसाधन विकास मंत्री जिम्मेदार है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता जयराम रमेश ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जेएनयू की हिंसक घटना को 72 घंटे हो गए हैं लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
उन्होेंने कहा, “ जो कांड घटा जेएनयू में करवाया गया है। इसके पीछे कौन था, हम सब जानते हैं। मैं सीधा आरोप लगा रहा हूं। इसके पीछे मानव संसाधन मंत्री और गृहमंत्री, दोनों शामिल हैं। ये ‘ऑफिशियली सपोंसर्ड गुडांइज्म’ है। 72 घंटे हो गए हैं और दिल्ली पुलिस को जानकारी है किसकी गिरफ्तारी होनी चाहिए, पर आज तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। लापरवाही है, पर ये जानबूझ कर लापरवाही है।”
उन्होेंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि जिनको पहचाना गया है, उनको गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इसके अलावा वर्तमान कुलपति को हटाया जाना चाहिए। उनके पद पर रहने तक जेएनयू में सामान्य स्थिति बनने की कोई गुंजाइश नहीं है। सरकार को कुलपति का त्यागपत्र लेना चाहिए और छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।