कौशाम्बी में पुत्र की हत्या के अरोप में सौतेली मां गिरफ्तार

कौशाम्बी,06 फरवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश की कौशाम्बी जिला पुलिस ने छह साल के बच्चे की हत्या की घटना का खुलासा करते हुए उसकी सौतेली मां को आज गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने आज बताया की पिपरी इलाके के गिरिया खालसा गांव में में मंगलवार रात घर में सो रहे छह वर्षीय मासूम की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना की जांच में चौकाने वाले तथ्य प्रकाश में आने पर पता चला कि बालक की हत्या उसकी सौतेली मां द्वारा की गई है। पुलिस ने आज हत्यारोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि गिरिया खालसा गांव निवासी किसान चंदन प्रसाद की पत्नी का पांच साल पहले निधन हो गया था। पहली पत्नी से एक बेटा अरुण था। पत्नी की अकस्मात मृत्यु के बाद चंदन प्रसाद ने दूसरी शादी चयल कस्बे की मिनता देवी से कर ली । उससे भी एक बेटी आरती पैदा हुई। हत्यारोपी मिनता ने पुलिस को बताया कि वह सौतेले बेटे अरुण को पसंद नहीं करती थी और इसी जलन के चलते उसने चार फरवरी की रात घर में सो रहे अरुण की गला दबाकर हत्या कर दी थी।
श्री अभिनंदन ने बताया कि पुलिस को अरुण की हत्या का संदेह सौतेली मां मिनता पर ही था । पुलिस ने मिनता को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने उसने अरुण की हत्या का जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्यारोपी मिनता को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया।