कोरोना संक्रमण के दो संदिग्ध आरएमएल में भर्ती


नयी दिल्ली 01 फरवरी (वार्ता)। दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल में शनिवार को हाल ही में चीन से आये दो भारतीयों काे कोरोना वायरस से संक्रमित होने के संदेह के कारण भर्ती कराया गया। जिसके बाद अस्पताल में भर्ती कराये गये लोगों की संख्या बढ़कर आठ हो गयी है।
आरएमएल में फिलहाल आठ लोगों को निगरानी में रखा गया है जिनमें से दो नये मरीज हैं। सभी की जांच रिपोर्ट की अभी प्रतीक्षा की जा रही है।
भर्ती कराये गए दो मरीजों में एक हाल ही में चीन के चांग्सा की यात्रा पर दो महीने के लिए गए था जबकि दूसरा मरीज पांच वर्षों से वुहान शहर में रह रहा था जिसके बाद वह 24 जनवरी को वापस लौटा है। भर्ती किये गये दो नए मरीजों में एक 23 वर्षीय युवक है जबकि दूसरा 46 वर्षीय पुरुष है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि जांच के लिए सभी मरीजों के नमूने भेज दिए गए है और उनकी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
इससे पहले शुक्रवार को चीन से आये पांच लोगों को निगरानी में रखा गया है। कोरोना वायरस से संक्रमित होने के संदेह में 27 जनवरी को तीन मरीजों को आरएमएल में भर्ती कराया गया था जिनमें से कोई भी इस वायरस से पीड़ित नहीं पाया गया था।
कोरोना वायरस के प्रकोप के खतरे को देखते हुए सरकार ने 15 जनवरी के बाद चीन से आये हर व्यक्ति के स्वास्थ्य की जांच का निर्णय किया है और चीन की यात्रा से आये लोगों को 14 दिन तक अपने घर में ही रहने के लिए कहा है।
इसके अलावा चीन के वुहान शहर से 324 भारतीय नागरिकों को लेकर एयर इंडिया की विशेष उड़ान आज सुबह सात बजकर 24 मिनट पर दिल्ली पहुंचा।
चीन में कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के मद्देनज़र सरकार ने अपने नागरिकों को वहां से निकालने का निर्णय किया है। विशेष उड़ान से लाये गये सभी 324 यात्रियों को 14 दिन तक मानेसर और छावला कैंप में खास तौर पर बनाए गए विशेष शिविरों में रखा जायेगा ताकि वे दूसरे लोगों के संपर्क में न आये। डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच करेगी।