लापता सैनिक राजेंद्र सिंह नेगी का मामला लोकसभा में गूंजा

नयी दिल्ली, 04 फरवरी (वार्ता)। उत्तराखंड के मूल निवासी और जम्मू कश्मीर से आठ जनवरी से गायब हवलदार राजेंद्र सिंह नेगी के लापता होने का मामला मंगलवार को लोकसभा में गूंजा और सरकार से उनके बारे में जानकारी देने की मांग की गयी।



भारतीय जनता पार्टी के अजय भट्ट ने शून्यकाल में यह मामला उठाया और कहा कि हवलदार नेगी उत्तराखंड मूल के हैं और उनका परिवार देहरादून में रहता है। श्री नेगी आठ जनवरी को जम्मू कश्मीर में देश की सेवा करते हुए अचानक गायब हो गये।



उन्होंने कहा कि श्री नेगी के बारे में ठीक से कोई जानकारी नहीं मिल रही है। अनुमान यह भी लगाया जा रहा है कि वह बर्फ में फिसलकर पाकिस्तानी सीमा की तरफ चले गये थे। करीब एक महीना पूरा होने वाला है लेकिन उनके बारे में कोई सटीक जानकारी नहीं है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि सैनिक राजेंद्र सिंह के बारे में सटीक जानकारी उपलब्ध कराकर इससे उनके परिवार को अवगत कराया जाय।