अफवाहों पर ध्यान ना दें : आलोक प्रताप सिंह


गौतमबुद्धनगर। वर्तमान परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था तथा आपसी सौहार्द कायम करने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट बीएन सिंह के निर्देशन में राजस्व एवं पुलिस तथा अन्य अधिकारियों के द्वारा अपने-अपने स्तर पर विभिन्न कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। 
इस क्रम में शुक्रवार तहसीलदार सदर आलोक प्रताप सिंह एवं उनकी टीम के अधिकारियों द्वारा ग्राम मायचा, मंडपा, राजपुरा के अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के बीच पहुंचकर वार्तालाप किया गया। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह का आह्वान करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति अफवाहों पर ध्यान ना दे और सौहार्द बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाए, ताकि जनपद का आपसी सौहार्द एवं भाईचारा पूरे जनपद में मानकों के अनुसार कायम रहे। 
राजस्व टीम के अधिकारियों द्वारा अपने भ्रमण के दौरान गरीब एवं असहाय व्यक्तियों को शीत लहरी से बचाने के उद्देश्य से शुक्रवार ग्राम मंडापा तथा अन्य आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान संचालित करते हुए कंबल का वितरण किया गया। यह अभियान उप जिलाधिकारी सदर प्रसून द्विवेदी एवं तहसीलदार सदर आलोक प्रताप सिंह तथा अन्य राजस्व के अधिकारियों द्वारा संचालित किया गया। ज्ञातव्य हो कि शासन की योजना के अंतर्गत असहाय एवं गरीब व्यक्तियों को शीत लहरी से बचाने के उद्देश्य से प्रशासन की अधिकारीगण बड़े स्तर पर कंबल वितरण कर रहे हैं। तहसीलदार सदर आलोक प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान पूरी तहसील में संचालित किया जाएगा और ग्रामीण क्षेत्रों तथा अन्य स्थानों पर जहां पर गरीब एवं असहाय व्यक्ति मिलेंगे उन्हें कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि शासन की योजना का उन्हें लाभ प्राप्त हो सके।