25 हजार का ईनामी बदमाश मुस्तकीम गिरफ्तार

सहारनपुर, 9 जनवरी  पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात मुकीम काला के पिता और 25 हजार का ईनामी बदमाश मुस्तकीम को सहारनपुर की तीतरों पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी गंगोह अजय शर्मा ने गुरूवार को बताया कि मुस्तकीम को तीतरो पुलिस ने कल थाना तीतरों क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ तीन मुकदमें तीतरो थाने में और 13 मुकदमें शामली जिले के विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
उन्होने बताया कि गिरफ्तार मुस्तकीम पर 25 हजार का ईनाम घोषित था और कई थानों की पुलिस उसे गिरफ्तार करने के प्रयासों में लगी हुई थी। मुस्तकीम शामली जिले के थाना कैराना के गांव जहानपुर का निवासी है। उसका बेटा मुकीम काला पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कुख्यात बदमाश है। वह अपने दो दर्जन साथियों के साथ जेल में बंद है। उसकी गैर मौजूदगी में पिता मुस्तकीम अपराधी गतिविधियों में शािमल रहता है और अपने बेटे मुकीम काला की विभिन्न अदालतों में पैरवी करता है। मुस्तकीम को जेल भेजे जाने के बाद सहारनपुर मंडल में अपराधों में कमी आएगी। मुकीम काला गिरोह ने कुछ वर्ष पूर्व सहारनपुर कोर्ट रोड़ स्थित टाटा के तनिष्क शोरूम पर करोड़ों की डकैती डाली थी।