आप ने भाजपा पर दिल्ली में बाहर से आये लोगों के विरोधी होने का लगाया आरोप

नयी दिल्ली, 31 जनवरी (वार्ता)। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन द्वारा हरियाणा और उत्तर प्रदेश वालों को दिल्ली का बेटा नहीं मानने पर कड़ी आपत्ति दर्ज करते हुए कहा कि इससे साबित होता है कि भाजपा यहां रह रहे अन्य राज्य से आए लोगों के खिलाफ है।
श्री सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि डॉ हर्षवर्धन का यह बयान कि श्री केजरीवाल तो हरियाणा में पैदा हुए, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रहे, वह दिल्ली का बेटा कैसे हो सकते हैं, इससे यह बात साबित होता है कि भाजपा यहां रह रहे उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा तथा अन्य राज्य से आए लोगों के खिलाफ है। भाजपा सभी प्रवासी भाइयों को अपना नहीं मानती।
उन्होंने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है जब भाजपा ने उत्तर प्रदेश, बिहार तथा अन्य राज्य से आए प्रवासियों के खिलाफ अपनी नफरत का प्रमाण दिया हो। इससे पहले गुजरात में भाजपा के लोगों द्वारा उत्तर प्रदेश, बिहार के लोगों को मारा गया पीटा गया, गुजरात से भगाया गया, महाराष्ट्र में भाजपा के लोगों द्वारा उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया, लेकिन भाजपा के किसी एक नेता की ओर से इस प्रकार की घृणित गतिविधियों के विरोध में कोई बयान नहीं आया, किसी ने भी इन घटनाओं की भर्त्सना नहीं की।
श्री सिंह ने कहा की श्री हर्षवर्धन का यह बयान बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जो लोग देश के अन्य राज्यों से दिल्ली में आकर काम कर रहे हैं, खून-पसीना लगाकर दिल्ली के विकास के लिए अपना योगदान दे रहे हैं, क्या वे लोग दिल्ली के बेटे नहीं हैं? क्या वे सब लोग दिल्ली के दुश्मन हैं? क्या उनका यह गुनाह है कि वह अपने-अपने राज्यों से आकर दिल्ली में रहकर काम कर रहे हैं, मेहनत कर रहे हैं और दिल्ली की अर्थव्यवस्था को सुधारने में अपना योगदान दे रहे हैं?
उन्होंने कहा कि वह डॉ हर्षवर्धन से पूछना चाहते हैं कि उनकी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी कौन हैं, उनकी पार्टी के अन्य सदस्य जो दूसरे राज्यों से आते हैं वह सब कौन हैं?, यदि आप इन सब को दिल्ली का नहीं मानते, तो मनोज तिवारी समेत उन सभी भाजपा के लोगों को पार्टी से बाहर निकालकर दिखायें।