भाजपा सागर के अग्निपीडित की मौत मामले में असत्य बोलकर फैला रही भ्रम: ओझा

भोपाल, 29 जनवरी (वार्ता)। मध्यप्रदेश कांग्रेस की मीडिया विभाग की अध्यक्ष शोभा ओझा ने सागर के एक युवक की दुखद मृत्यु मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राजनीति करने आरोप लगाते हुए आज कहा कि भाजपा इस मामले में असत्य बोलकर भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।
श्रीमती ओझा ने आज यहां पत्रकारों से चर्चा में कहा कि इस घटना में सरकार और प्रशासन द्वारा सभी दोषियों को गिरफ्तार कर जेल में डालने के साथ ही, दंडित करने की कार्रवाई शुरू की जा चुकी है। मृतक युवक के परिवारजनों को साढ़े आठ लाख रूपये की आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी, मकान के साथ ही सभी आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा की व्यवस्था मुख्यमंत्री कमलनाथ के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा की गयी है।
उन्होंने कहा कि इस सबके बावजूद प्रदेश में जिम्मेदार पद पर रह चुके पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनकी पार्टी के लोग इस दुःखद घटना को लेकर लगातार असत्य परोसने का काम कर रहे हैं। सागर में उनके द्वारा दोषियों को गिरफ्तार न करने संबंधी दिया गया भाषण पूरी तरह से असत्य था, जबकि हकीकत यह है कि मृतक के परिवार के द्वारा अब तक दिए अपने बयानों में जिन लोगों का जिक्र किया गया है, उन्हें पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इस तरह भाजपा और उसके नेता असत्य की राजनीति कर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं।
श्रीमती ओझा ने कहा कि भाजपा को दलितों की भावनाओं और संवेदनाओं से अधिक अपनी राजनीति चमकाने की चिंता है। यदि ऐसा नहीं है तो दलितों के नाम पर घड़ियाली आंसू बहा रहे, भाजपा नेताओं को पहले यह बताना चाहिए कि मध्यप्रदेश में भाजपा के 15 वर्षीय कार्यकाल में घटित हुई अन्याय, अत्याचार, उत्पीड़न और शोषण की हजारों घटनाओं पर भाजपा के लोग चुप्पी क्यों साधे रहे थे।