दिल्ली चुनाव के लिए दो विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त

नयी दिल्ली 31 जनवरी (वार्ता)। चुनाव आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के सेवानिवृत्त अधिकारी मृणाल कांति दास को विशेष पुलिस पर्यवेक्षक नियुक्त किया है जबकि भारतीय राजस्व सेवा के पूर्व अधिकारी बी मुरली कुमार को विशेष खर्च पर्यवेक्षक बनाया है।
चुनाव आयोग ने शुक्रवार को यहां दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए पुलिस अधिकारियों एवं नागरिक सेवा के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने के बाद यह निर्णय लिया।
श्री दास 1977 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं और वह मणिपुर के पुलिस महानिदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वह पिछले लोकसभा चुनाव में त्रिपुरा और मिजोरम के पुलिस पर्यवेक्षक थे। इसके अलावा हाल ही मेें हुए झारखंड विधनसभा चुनाव में भी वह पुलिस पर्यवेक्षक बनाये गये थे।
श्री मुरली कुमार महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावाें में विशेष खर्च पर्यवेक्षक थे और आयकर विभाग में जांच प्रकोष्ठ में भी काम कर चुके हैं।