दिल्ली चुनावों में हारेगा झूठ: मौर्य

कासगंज 31 जनवरी(वार्ता)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की जीत का दावा करते हुये कहा कि कमल खिलेगा और झूठ हारेगा।
श्री मौर्य शुक्रवार को यहां एक निजी कार्यक्रम मेें शामिल होने आये थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। दिल्ली की जनता जानती हैं कि वोट के लिये झूठ बोलकर मुफ्त में सब कुछ देने वादा भले ही कर लो लेकिन इससे किसी राज्य व राष्ट्र की अर्थ व्यवस्था नही चलती है।
उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल झूठ के सहारे सोचते होंगे कि नैया पार हो जाएगी लेकिन झूठ हारेगा। जो वादा उन्होंने 2015 में किया था वो वादे भूल गए हैं। उनमें से दस प्रतिशत भी पूरा नही किया है। इसलिए वहां की जनता भाजपा के साथ है।
राज्य में सड़कों की खस्ता हाल के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जब से आयी है तब से सड़कों की दशा में पहले के मुकाबले जमीन और आसमान का अन्तर है। उन्होंने कहा कि बुआ भतीजे ने मिलकर जितना अच्छा नही किया उतना हम लोगों ने तीन साल से कम समय में कर दिया है।
श्री मौर्य आज कासगंज में ब्रज प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष रजनीकांत माहेष्वरी के बेटे की शादी में शिरकत करने आये थे।