गणतंत्र दिवस पर होगा भारत केसरी दंगल

नयी दिल्ली, 25 जनवरी (वार्ता)। गणतंत्र दिवस के दिन 26 जनवरी को महान भारत केसरी और महान भारत कुमार दंगल का दिल्ली विश्वविद्यालय के श्याम लाल कॉलेज शाहदरा में आयोजन किया जा रहा है जिसमें लगभग 400 राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पहलवान हिस्सा लेंगे।
दिल्ली युवा खेल प्रोत्साहन संघ भारत केसरी और भारत कुमार दंगल का आयोजन कर रहा है। दंगल का आयोजन भारत कुमार ख़िताब विजेता पहलवान राहुल सूरमा और गौरव चौधरी कर रहे हैं। इस दंगल में भारत केसरी ख़िताब में विजेता को दो लाख रुपये, दूसरे स्थान को एक लाख, तीसरे स्थान को 51000 और चौथे स्थान को 31000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। भारत कुमार में पहला पुरस्कार एक लाख, दूसरा 50 हज़ार, तीसरा 31000 और चौथा 21000 रुपये का पुरस्कार दिया जायेगा। इस प्रतियोगिता में महिला पहलवानों की भी कुश्तियां कराई जाएंगी। कुश्तियां ओलम्पिक नियमों के अनुसार गद्दों पर होंगी। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण विदेशी पहलवान होंगे जिसमें ईरान और उज्बेकिस्तान के पहलवानों को भी आमंत्रित किया है। इस आयोजन में गुरु, उस्ताद, खलीफा और अन्य खेल हस्तियों को सम्मानित भी किया जायेगा। आयोजन के मुख्य अतिथि पद्मश्री और ओलम्पिक पदक विजेता सुशील कुमार और द्रोणाचार्य अवार्डी महाबली सतपाल होंगे।