गंगा लोगों की आस्था ही नही अर्थव्यवस्था का भी है बड़ा स्रोत: डॉ0 शर्मा

कौशाम्बी, 30 जनवरी (वार्ता)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री डॉ0 दिनेश शर्मा ने कहा है कि गंगा लोगों की आस्था ही नही बल्कि अर्थव्यवस्था को एक बड़ा स्रोत भी है।
डॉ0 शर्मा ने गुरूवार को गंगा यात्रा के कौशांबी में पहुंचने पर शीतला धाम कड़ा में जनसभा काे संबोधित करते हुये कहा कि गंगा केवल नदी नहीं है बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था है। गंगा अर्थव्यवस्था की भी स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि भारत में 40 प्रतिशत लोग ऐसे हैं जिनकी जीविका प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से गंगा मैया पर निर्भर है।
उन्होंने कहा कि गंगा यात्रा का उद्देश्य गंगा की अविरलता पवित्रता को बनाए रखने के साथ ही भारतीय संस्कृति की चेतना जन-जन तक पहुंचाने की है। उन्होंने कहा भारतीय संस्कृति विश्व में बेजोड़ है। भारत की संस्कृति देव संस्कृति है। यहां जन्म लेने वाला प्रत्येक प्राणी कमाता है और उसमें से दान देकर सबको सुखी देखना चाहता है। पश्चिमी देशों में जन्मा व्यक्ति स्वयं कमाता है स्वयं खाता है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजा भगीरथ गंगा को धरती पर लाए हैं। गंगा को अब स्वच्छ रखने का संकल्प देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि गंगा यात्रा कोई साधारण यात्रा नहीं है यह यात्रा विराट स्वरूप को लेकर शुरू की गई है। पश्चिम में बिजनौर से और पूरब में बलिया से लेकर कानपुर तक यात्रा 1358 किलोमीटर की है। इसके माध्यम से गंगा के अविरलता और पवित्रता बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस यात्रा के माध्यम से गंगा के किनारे स्थित धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्रों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। गंगा के किनारे सुंदर घाट एवं चबूतरे का निर्माण किया जा रहा है। गंगा के किनारे के गांव में शौचालयों का निर्माण कराकर खुले में शौच मुक्त करने की योजना है। गंगा के किनारे बसे गांव का एक भी बूंद गंदा पानी गंगा में ना जाए। इसके प्रबंध किए जा रहे हैं। कूड़ा एवं अपशिष्ट पदार्थ गंगा में ना फेंके जाएं इसका भी प्रबंध किया जा रहा है। गंगा के किनारे श्मशान घाट बनाने का कार्यक्रम जारी है।
उन्होंने कहा कि गंगा यात्रा का उद्देश्य सीधे अर्थव्यवस्था से भी जोड़ने का है। गंगा के किनारे बसे गांव में विभिन्न प्रकार की पेंशन योजनाओं का लाभ पहुंचाने पशु आरोग्य मेले का आयोजन, स्वास्थ मेला एवं विद्यालय के माध्यम से खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन करके लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
डॉ0 शर्मा ने कहा कि गंगा के किनारे जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए गंगा उद्यान स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए किसानों को अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गंगा यात्रा द्वारा जल पर्यटन व्यवसाय को प्रोत्साहन देकर एवं युवा कल्याण गोष्ठियों के माध्यम से सीधे अर्थव्यवस्था से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। गंगा यात्रा में केवल यात्रा ही नहीं बल्कि रोजगार देने वाली यात्रा है।
इस बीच उन्होंने सभा में उपस्थिति लोगों को गंगा को निर्मल एवं पवित्र बनाए रखने के लिए संकल्प दिलाया। समारोह में प्रदेश सरकार के मंत्री मोती सिंह, चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, नीलकंठ तिवारी, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सुरेश पासी के अलावा क्षेत्रीय सांसद विनोद सोनकर व अनेक विधायक व पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ता व विभिन्न स्कूल के छात्र-छात्राएं एवं नागरिक सभा में उपस्थित होकर यात्रा का स्वागत किया।