गुजरात में पारे में जबरदस्त गिरावट, इस सर्दी की अब तक की सबसे ठंडी रात में नलिया में तापमान 3.3 डिग्री


गांधीनगर, 09 जनवरी उत्तर भारत में बर्फबारी और वर्षा के चलते आम तौर पर कम ठंडे मौसम वाले गुजरात में एक ही रात में पारे में भारी गिरावट दर्ज की गयी है और कच्छ जिले का नलिया 3.3 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा।

राज्य में अनेक स्थानों पर 24 घंटे में ही पारा सात डिग्री से भी अधिक नीचे गया है जिसके अचानक ठिठुरन भरी चुभती ठंड का एहसास हो रहा है। पिछली रात इस सर्दी के दौरान अब तक की सबसे ठंडी रात रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से आज मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार कम से कम आठ स्थानों पर पारा इकहरे अंक में पहुंच गया। अहमदाबाद शहर में भी इसमें चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी। नलिया समेत कई स्थानों ने इस सर्दी में अब तक का सबसे कम तापमान दर्ज किया है। राजधानी गांधीनगर 7.5 डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तापमान के साथ राज्य में दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा। भुज 8.3 डिग्री के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

उत्तर गुजरात के डीसा में तथा कच्छ के कंडला एयरपोर्ट पर एक समान 8.4 डिग्री का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। जूनागढ़ के केशोद में 8.8 डिग्री, राजकोट में 9 डिग्री तथा अहमदाबाद में न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री रहा।

अन्य स्थानों में सूरत में 12.8 , वडोदरा में 10, दीव में 10.5, सुरेन्द्रनगर में 10.9, पोरबंदर में 12.4 , भावनगर में 13.4 तथा द्वारका में 14 डिग्री रहा।