करीब साढ़े 12 सौ को वीरता पदक

नयी दिल्ली 25 जनवरी (वार्ता)। गणतंत्र दिवस के मौके पर सरकार ने अर्द्धसैनिक बलों, अग्निशमन सेवा, हाेमगार्ड एवं सिविल डिफेन्स के करीब 12 सौ तथा 54 बच्चों को जीवनरक्षा पदक से सम्मानित करने की घोषणा की है।
गृह मंत्रालय ने आज यहां बताया कि अर्द्धसैनिक बलों के चार अधिकारियों को राष्ट्रपति पुलिस वीरता पदक, 286 लोगों को पुलिस वीरता पदक, विशिष्ट सेवा के राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए 93 लोगों को तथा उल्लेखनीय सेवा का पुलिस पदक के लिए 657 लोगों को चुना गया है।
अग्निशमन सेवा के कुल 104 अधिकारियों एवं जवानों में से 13 को वीरता के लिए राष्ट्रपति का अग्निशमन सेवा पदक, 29 को वीरता के लिए अग्निशमन सेवा पदक, 12 को विशिष्ट सेवाओं के लिए अग्निशमन सेवा पदक तथा 50 को उल्लेखनीय सेवा के लिए अग्निशमन सेवा पदक से अलंकृत किया जाएगा। हाेमगार्ड एवं सिविल डिफेंस सेवा के 49 जवानों को पदक प्रदान किया जाएगा।
विज्ञप्ति के अनुसार 54 बच्चों को जीवन रक्षा पदक दिया जाएगा। इनमें से सात बच्चों को सर्वोत्तम जीवन रक्षा पदक के लिए चुना गया है जिनमें से पांच को यह पुरस्कार मरणोपरांत दिया जाएगा। आठ बच्चों को उत्तर जीवनरक्षा पदक और 39 को जीवनरक्षा पदक प्रदान किया जाएगा।