पटना 20 जनवरी (वार्ता)। बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने श्री जे. पी. नड्डा के पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देते हुए आज कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा नया आयाम स्थापित करेगी।
बिहार भाजपा के अध्यक्ष एवं सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने यहां कहा कि श्री नड्डा के नेतृत्व में भाजपा देश में एक नया आयाम स्थापित करेगी। वह एक कुशल प्रशासक के साथ-साथ कुशल संगठनकर्ता भी है। उन्होंने कहा कि बिहार और विशेषकर पटना से श्री नड्डा का खास लगाव रहा है। वर्ष 1960 में पटना में जन्मे श्री नड्डा ने अपने जीवन अधिकांश समय यहां की गलियों में बिताया है। पटना के संत जेवियर स्कूल से उन्होंने स्कुली शिक्षा ग्रहण कर पटना काॅलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। छात्र जीवन में ही उन्होंने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की।
वहीं, बिहार के पथ निर्माण मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकिशोर यादव ने श्री नड्डा को बधाई देते हुए कहा कि विश्व में सर्वाधिक सदस्यता वाली भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद पर श्री नड्डा के सर्वसम्मति से निर्वाचन का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे न केवल पटना बल्कि बिहार का मान बढ़ा है।
नड्डा के नेतृत्व में नया आयाम स्थापित करेगी भाजपा