नीतिश, शाह बुराड़ी में पहली बार साझा करेंगे चुनावी मंच

नयी दिल्ली, 30 जनवरी (वार्ता)।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहली बार किसी चुनावी सभा में मंच साझा करेंगे।
श्री शाह और श्री कुमार दिल्ली में विधानसभा के चुनाव प्रचार के लिए बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र में दो फरवरी को एक चुनावी मंच को साझा करेंगे।
दिल्ली विधानसभा के आठ फरवरी को होने वाले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और श्री कुमार की जनता दल यूनाइटेड(जदयू) गठबंधन के साथ मैदान में है। दोनों के बीच हुए समझौते के तहत जदयू को बुराड़ी और संगम विहार विधानसभा सीट दी गयी हैं। इसके अलावा रामविलास पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) से भी भाजपा का समझौता हुआ है और उसे किरारी सीट दी गई है।
जदयू महासचिव अफात अहमद ने ‘यूनीवार्ता’ को बताया कि दो फरवरी को अपराह्न दो बजे श्री कुमार और श्री शाह बुराड़ी से जदयू उम्मीदवार शैलेंद्र कुमार के लिए चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि शाम पांच बजे श्री कुमार और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्ढा संगम विहार में जदयू उम्मीदवार एच सी एल गुप्ता के पक्ष में चुनाव सभा को संबोधित करने का कार्यक्रम है।
श्री अहमद ने कहा, “ पहली बार दोनों नेता किसी चुनावी रैली को एक साथ संबोधित करेंगे।”
गौरतलब है कि बिहार में जदयू और भाजपा की साझा सरकार है।
दिल्ली विधानसभा में कुल 70 सीटें हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा, आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच है। आप मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अगुवाई में एक बार फिर सत्ता में आने के लिए प्रयासरत है। भाजपा 21 वर्ष से दिल्ली की सत्ता से बाहर है और उसने इस बार जीत के लिए पूरा जोर लगाया हुआ है। पार्टी की तरफ से हालांकि इस बार अभी तक मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।