आयुष्मान भारत में वित्तीय धांधलियों की जांच करायी जाए



नयी दिल्ली 04 फरवरी (वार्ता)। कांग्रेस के पी एल पूनिया ने मंगलवार को राज्यसभा में कहा कि प्रधानमंत्री आरोग्य जन योजना- आयुष्मान भारत में भारी वित्तीय धांधलियां हो रही है जिनकी व्यापक स्तर पर जांच करायी जानी चाहिए।



श्री पूनिया ने सदन में शून्यकाल के दौरान यह मामला उठाते हुए कहा कि आयुष्मान भारत में अस्पतालों के साथ मिलकर कुछ लोग वित्त धांधलियां की जा रही है। अपात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाये जा रहे हैं और अस्पताल के साथ मिलकर सरकारी पैसा लिया जा रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक की परिवार के हजारों कार्ड बनाये जा रहे है। एक ही व्यक्ति के दो - दो कार्ड बनाये जा रहे हैं और एक ही समय में वह दो अस्पतालों में भर्ती है तथा दोनों अस्पताल सरकार से पैसा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसी धांधलियों को रोकने के लिए जांच करानी चाहिए और सख्त कदम उठाने चाहिए।



एमद्रमुक के वाईको ने कहा कि चेन्नई में उच्चतम न्यायालय की पीठ स्थापित की जानी चाहिए। इससे दक्षिण भारत के लोगों को न्याय पाने आसानी होगी।



बीजू जनता दल के प्रशांत नंदा ने कहा कि किसानों की आय दुगुनी करने के लिए बागवानी तथा नकदी फसलों पर जोर देना चाहिए। इससे पानी की कम खपत होगी और कृषि लागत में कमी आएगी।जनता दल सेक्यूलर के कुपेंद्र रेड्डी ने कहा कि दिल्ली सहित सभी बड़े शहरों में वाहनों की भीड़ बढ़ती जा रही है। लोगों का यात्रा समय बढ़ता जा रहा है। दिल्ली में वाहनों की गति महज चार किलोमीटर रह गयी है। सरकार को वाहनों की संख्या नियंत्रित करने के लिए नीति बनानी चाहिए।



कांग्रेस की सैलजा ने कहा कि यमुना नदी स्वच्छ पानी का स्रोत हैं और इनसे पेयजल और कृषि जल तथा औद्योगिक जल की पूर्ति होती है। यमुना सफाई के लिए दो चरणाें की योजना शुरू की गयी है लेकिन आवंटित राशि का खर्च नहीं किया जा सका है। मौजूदा बजट में यह राशि घटा दी गयी है। उन्होंने कहा कि यमुना नदी से हरियाणा, दिल्ली और उत्तरप्रदेश को पानी मिलता है, इसलिए इसकी सफाई के प्रति सख्त होना चाहिए। कांग्रेस के मोहम्मद आरिफ खान ने हज की यात्रा लागत में कमी लाने की मांग की।