भाजपा ही है टुकड़े टुकड़े गैंग : थरूर

 



नयी दिल्ली 04 फरवरी (वार्ता)। कांग्रेस के शशि थरूर ने सत्तापक्ष को टुकड़े टुकड़े गैंग का नाम दिया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश को हिन्दू, मुसलमान, देशद्रोही-देशभक्त आदि के खांचों में बांटना चाहती है और उसने देश के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप को खतरे में डाल दिया है।



श्री थरूर ने यहां लोकसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए सत्ता पक्ष पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के नारे के साथ सत्ता में आये सत्ता पक्ष गैरकानूनी गतिनिधि निरोधक कानून, जम्मू कश्मीर पुनर्गठन कानून, नागरिकता संशोधन कानून, सदन में राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर को लेकर दिये गये बयानों से बड़ी मुश्किल से हासिल आज़ादी को खतरे में डाल दिया है।



उन्होंने कहा कि क्या खायें, क्या पीयें और क्या बोलें, इसकी आज़ादी भी छीनी जा रही है। सत्तापक्ष में हमारी विरासत को समझने एवं आगे ले जाने का विजन ही नहीं है। अभिभाषण में गांधी जी का सीमित बयान दिया गया और इस प्रकार से राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रपिता का अपमान कराया गया। उन्होंने कहा कि क्या हम अपने बच्चों के लिए एक विभाजित एवं टूटे हुए हिन्दुस्तान को छोड़ कर जाएंगे। इतिहास सत्तापक्ष के इस चरित्र को उजागर करेगा।



भाजपा के सत्यपाल सिंह ने कहा कि गांधी जी के नाम पर सत्ता का सुख भोगने वाली पार्टी ने कभी भी गांधी जी के विचार ज़मीन पर उतरने नहीं दिये। बापू इसे भांप चुके थे और उन्होंने 27 जनवरी 1948 को कांग्रेस को समाप्त करके लोकसेवा संघ बनाने का विचार रखा था। उन्होंने वेदों पुराणों का हवाला देते हुए देश की पुरानी संस्कृति के उदाहरण दिये और कहा कि जो अपना भूतकाल भूल जाता है, उसे भविष्य भी याद नहीं रखता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सियासत बदल दी है और उन्हें जो मिली वो विरासत बदल दी है। वे देश को आतंकवाद एवं संप्रदायवाद से मुक्ति दिलाना चाहते हैं।



समाजपवादी पार्टी के अखिलेश यादव ने स्वामी विवेकानंद के 1893 के धर्मसंसद के चौथे दिन के भाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि भूख से मरती हुई जनता को धर्म का उपदेश देना पाप है। उन्होंने कहा कि हिन्दुधर्म में उदारवादी एवं कट्टरपंथियों के बीच लड़ाई है जो अनवरत जारी है। समाज में आज शक पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि जनगणना में जातियों की गणना क्यों नहीं की जा रही है। उन्होंने विकास के मामले में लखनऊ आगरा एक्सप्रेस वे का देश का सबसे बेहतरीन एक्सप्रेस वे बताया और आरोप लगाया कि प्रदेश की योगी सरकार उनकी योजनाओं को बंद कर रही है।