दिल्ली की जनता ने नफरत की राजनीति को नकारा: संजय सिंह


नयी दिल्ली,11 फरवरी (वार्ता)। राज्य सभा सांसद और आम आदमी पार्टी के प्रमुख नेता संजय सिंह ने कहा है कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में दिल्ली की जनता ने श्री अरविंद केजरीवाल की पार्टी को वोट देकर नफरत और उन्माद की राजनीति को नकार दिया है और विकास तथा राष्ट्रवाद को चुना है।
श्री सिंह ने पार्टी नतीजों पर प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने इन चुनावों में अपनी सारी सरकारी मशीनरी झोंक दी थी और पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों, कई पूर्व मुख्यमंत्रियेां और गृह मंत्री अमित शाह तथा अन्य केन्द्रीय मंत्रियों को चुनाव प्रचार में लगाया लेकिन दिल्ली की जनता बहुत समझदार थी और उसने सही गलत का फर्क जानकर वोट दिए।
उन्होंने कहा कि इन चुनावों को भाजपा ने हिन्दुस्तान पाकिस्तान का नाम दिया गया था और आज हिन्दुस्तान जीत गया है और इसी पार्टी ने श्री केजरीवाल को आतंकवादी करार दिया था लेकिन श्री केजरीवाल ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं की थी और जनता से यही कहा था,“आपका बेटा हूं और आपकी सेवा की है। यह साबित करता है कि जनता भाजपा की विभाजनकारी राजनीति को अच्छी तरह समझती है।”
श्री सिंह ने कहा कि दिल्ली की डेढ़ करोड़ से अधिक जनता ने सही पार्टी को वोट दिया है जो हमेशा उनकी आवाज बनी रही और उनके हकों के लिए आगे भी लड़ते रहेंगे।