केजरीवाल के शपथ ग्रहण समारोह की रामलीला मैदान पर तैयारियां जोरों पर, मोदी को न्योता

नयी दिल्ली,14 फरवरी (वार्ता)। दिल्ली के मनोनीत मुख्यमंत्री आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के रविवार को होने वाले शपथ ग्रहण के लिए रामलीला मैदान में तैयारियां जोरों पर हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी न्योता भेजा गया है।
बाबरपुर से विजयी हुए आप के दिल्ली संयोजक गोपाल राय शनिवार को रामलीला मैदान शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लेने जायेंगे।
दिल्ली विधानसभा के 11 फरवरी को घोषित परिणामों के अनुसार 70 में से 62 सीटें मिली हैं। श्री केजरीवाल लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले वह 2013 और 2015 में मुख्यमंत्री बने थे। आप संयोजक श्री केजरीवाल तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत शीला दीक्षित की तीन बार लगातार दिल्ली के मुख्यमंत्री बनने के रिकार्ड की बराबरी करेंगे। दिवंगत दीक्षित 1998 से 2013 तक लगातार तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री बनीं और 15 वर्ष तक शासन किया।
श्री केजरीवाल ने कल ट्वीट कर दिल्ली के लोगों से शपथ ग्रहण में रामलीला मैदान पहुंचने की अपील की थी।
श्री राय ने गुरुवार को कहा था कि श्री केजरीवाल के शपथ ग्रहण समारोह में केवल दिल्ली के लोगों को ही आमंत्रित किया जायेगा और किसी अन्य राज्य के मुख्यमंत्री अथवा राजनीतिक नेताओं को न्योता नहीं दिया गया है।