मोदी पहुंचे हुनर हाट, लिया लिट्टी-चोखा का आनंद

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को इंडिया गेट मैदान पर आयोजित हुनर हाट का अवलोकन करने पहुंचे और कुल्हड़ की चाय और बिहार के विशेष व्यंजन लिट्टी-चोखा का स्वाद लिया।
श्री मोदी के हुनर हाट में पहुंचने में वहां स्टाल लगाए लोग अचरज में पड़ गए। प्रधानमंत्री हुनर हाट भ्रमण के दौरान आम लोगों से भी मिले। इस दौरान केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी भी प्रधानमंत्री के साथ थे।
उन्होंने हुनर हाट में लगे कई स्टालों का मुआयना किया और वहां काम कर रहे कारीगरों और हाट का भ्रमण करने आये लोगों से भी बातचीत की। हाट के भ्रमण के दौरान प्रधानमंत्री ने कुल्हड़ वाली चाय का आनंद और बिहार के विशेष व्यंजन लिट्टी-चोखा का चारपाई पर बैठकर तसल्लीपूर्वक स्वाद लिया।
हुनर हाट का उद्घाटन 14 फरवरी को रेल मंत्री पीयूष गोयल, श्री नकवी और शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी ने किया था।
प्रधानमंत्री के हुनर हाट भ्रमण के दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे लेकिन आमजन को वहां आने और प्रधानमंत्री से मुलाकात करने से रोका नहीं गया था।
श्री मोदी ने हुनर हाट के भ्रमण के बाद अपने ट्विटर हैंडल पर कुछ फोटो भी साझा किए। एक फोटो में वह स्वयं वाद्य यंत्र बजा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हुनर हाट जैसे मंचों से कई निजी प्रतिभावान लोगों को आगे आने का अवसर मिलता है। हुनर हाट में देश की संस्कृति और विभिन्नता एक स्थान पर देखने को मिलती है। उन्होंने लिखा,“ एक कप गर्म चाय के साथ लंच में लिट्टी चोखा का स्वाद लिया।”