मोहल्ला क्लीनिक की परिकल्पना को साकार करने में जैन ने निभाई अहम भूमिका


नयी दिल्ली, 16 फरवरी  स्वास्थ्य के क्षेत्र में मोहल्ला क्लीनिक की परिकल्पना को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने रविवार को तीसरी बार मंत्री पद की शपथ ली।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में श्री जैन ने शकूर बस्ती सीट से भाजपा के एस. सी. वत्स को 7592 मतों से हराया।
श्री जैन को पिछली सरकार में स्वास्थ्य के साथ-साथ उद्योग मंत्रालय की जिम्मेदारी भी दी गई थी।
श्री जैन ने अन्ना हजारे के जन लोकपाल आंदोलन में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया था, जहां वह केजरीवाल के संपर्क में आए।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में तीन अक्टूबर 1964 को जन्मे श्री जैन ने भी अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत अन्ना हजारे के आंदोलन से ही की। श्री जैन केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के कर्मचारी थे। उन्होंने अपनी नौकरी छोड़कर एक वास्तुकार परामर्शदाता फर्म की स्थापना की थी। श्री जैन सामाजिक कल्याण करने वाले संगठनों से भी जुड़े रहे हैं।
जाने-माने सामाजिक कार्यकर्ता श्री जैन ने चित्रकूट स्थित सामाजिक संगठन ‘दृष्टि’ में भी काम किया। यह संगठन दृष्टि बाधित लड़कियों के लिए काम करता है। वह स्पर्श नाम के एक सामाजिक संगठन से भी जुड़े रहे जोकि मानसिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए काम करता है।
श्री जैन अपने परिवार के साथ उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के सरस्वती विहार में रहते हैं लेकिन अब वह सिविल लाइंस के सरकारी आवास में रहते हैं।