बागियों से मिलने के लिए होटल के बाहर धरने पर बैठे दिग्विजय, पुलिस ने हिरासत में लिया


नयी दिल्ली। मध्य प्रदेश में जारी सियासी संकट के बीच अब प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पार्टी के बागी हुए 22 विधायकों को मनाने के लिए बुधवार को बेंगलुरू पहुंचे। बता दें कि ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के 22 विधायक 10 मार्च से बेंगलुरू में मौजूद हैं। इन तमाम विधायकों ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया को अपना नेता बताया था और इन्हीं विधायकों को मनाने के लिए दिग्विजय बेंगलुरू के रमाडा होटल पहुंचे। लेकिन पुलिसकर्मियों ने दिग्विजय को विधायकों से मिलने नहीं दिया। जिसके बाद दिग्विजय सिंह के साथ मौजूद तमाम कांग्रेस नेता धरने पर बैठ गए।


इस दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि पुलिस हमें हमारे विधायकों से मिलने नहीं दे रही है। मैं मध्य प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार हूं और 26 मार्च को राज्यसभा चुनाव होना है लेकिन मुझे मेरे विधायकों से मिलने नहीं दिया जा रहा। उन्हें यहां पर बंधक बनाकर रखा गया है। वहीं दिग्विजय सिंह ने एक ट्वीट भी किया। जिसमें उन्होंने लिखा कि बेंगलुरु पुलिस का कहना है कि हमारे जो विधायक यहां हैं, उनकी निजता के चलते हम उनसे नहीं मिल सकते हैं। निगरानी के लिए पुलिस 24 घंटे उन पर नज़र रखे है। प्राइवेसी की रक्षा का ये ग़ज़ब उदाहरण है। हर संवैधानिक अधिकार, हर संवैधानिक व्यवस्था की स्वार्थी व्याख्या BJP से सीखें।


मिली जानकारी के मुताबिक दिग्विजय सिंह को कर्नाटक पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन द्वारा मुख्यमंत्री कमलनाथ को लिखे गए पत्र के बाद भी फ्लोर टेस्ट नहीं कराया गया। जिसके चलते पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने सुप्रीम कोर्ट में फ्लोर टेस्ट की मांग वाली याचिका दाखिल की। इस याचिका पर सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने मंगलवार को मुख्यमंत्री से जवाब मांगा था।