भारत में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या हुई 73


नयी दिल्ली स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि कोरोना वायरस
(कोविड-19) से संक्रमित लोगों की संख्या 73 हो गयी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने यहां बताया प्रभावित देशों से कुल 948 लोगों को देश में लाया गया है। इनमें से 900 भारतीय और 48 विदेशी नागरिक हैं। विभिन्न देशों में फंसे लोगों को निकालने के लिए सरकार की ओर से लगातार प्रयास किया जा रहा है। ईरान से कल करीब दो सौ लोगों को मुंबई लाया जाएगा और इन सभी को जैसलमेर ले जाया जाएगा जहां 14 दिन आबादी से दूर रखा जाएगा और उनकी निगरानी की जाएगी। विदेशों से लाये जाने वाले लोग हालांकि संक्रमित नहीं है लेकिन एहतियातन 14 दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा।
श्री अग्रवाल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि ऐसा कोई पुख्ता सबूत नहीं है जिससे कहा जा सके कि अधिक तापमान पर कोरोना वायरस खत्म हो जाएंगे। ऐसा माना जाता है कि अधिक तापमान पर वायरस जीवित नहीं रह सकते हैं लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि कोरोना से निपटने के लिए सभी तैयारियां पहले से ही कर ली गयी थी, इसलिए इसके फैलने से रोका जा सका है। इससे बचाव के लिए सबसे पहली प्रथामिकता है लोगों को जागगरूक कर एहतियात बरतने पर जोर दिया जा रहा है।
संयुक्त सचिव ने कहा कि यह बहुत अच्छी बात है कि भारत में इंसानों से इंसानों के बीच कोरोना के वायरस का फैलाव नहीं हुआ है। यहां उन्हीं में ये मामले सामने आये हैं जो विदेशों से आये हैं और उनके नजदीकी परिवारों में संक्रमण फैला है। उन्होंने कहा कि इससे किसी भी हालत में घबराने की जरूरत नहीं है इस पर काबू पाने के लिए सभी प्रकार के उपाय किये जा रहे हैं। देश के तीस हवाई अड्डों पर सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा रही है। इसके साथ ही बंदरगाहों और सीमा पर भी सख्ती से स्क्रीनिंग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकारों के साथ मिलकर 24 घंटे निगरानी किया जा रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय में संयुक्त सचिव रुबीना अली ने कहा कि ईरान में फंसे भारतीयों को लेकर कल एक ईरानी विमान कल मुंबई पहुंचेगा और यहां से जैसलमेर भेजा जाएगा जहां निगरानी में 14 रखा जाएगा। इसके अलावा 14-15 मार्च की रात्रि को एक ईरानी विमान भारतीयों को लेकर दिल्ली आयेगा। इन लोगों को भी जैसलमेर भेजा जाएगा।