करो हाथों की सफाई, कोरोना दूर रहेगा भाई





नोएडा। कोरोना के प्रति जन जागरण का जिम्मा घर-घर पहुँचने वाली आशा कार्यकर्ता उठा रही हैं। इसके लिए शासन से आदेश मिलने के बाद सभी आशा कार्यकर्ताओँ को ट्रेनिंग दे दी गयी है। ट्रेनिंग के दौरान आशा कार्यकर्ताओं को कोरोना के बारे में जानकारी दी गयी। उन्हें बताया गया कि कोरोना संक्रमण कैसे फैलता है। सबसे ज्यादा खतरा किसे है। कोरोना संक्रमण से बचाव के उपाय भी बताए गये। यह भी बताया गया कि कोरोना संक्रमित क्या करें और क्या न करें।  ट्रेनिंग के बाद आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर और सामुदायिक स्तर पर बैठकों का आयोजन कर लोगों को कोरोना के बारे में जागरूक कर रही हैं। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। जिला मलेरिया अधिकारी राजेश शर्मा ने बुधवार को बताया संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत 16 मार्च से दस्तक अभियान शुरू हो चुका है। यह 31 मार्च तक चलेगा। दस्तक अभियान में आशा कार्यकर्ता  संचारी रोगों के साथ-साथ कोरोना पर विशेष फोकस कर रही हैं। सभी ब्लॉक पर कार्यरत आशा कार्यकर्ता सक्रिय रूप से घर-घर जाकर लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक कर रही हैं साथ ही उसके बचाव के तरीके बता रही हैं। उन्होंने बताया आशा कार्यकर्ता घर जाकर लोगों को हाथ धोने के तरीके बता रही हैं। इसके अलावा घरों के आसपास कोरोना से बचाव एवं संचारी रोग की रोकथाम के लिए विभाग द्वारा तैयार किया गया स्टीकर लगा कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। स्टीकर में बताया गया है कि कोरोना कैसे फैलता है। खुद को कैसे बचाएं। गांव-गांव में जागरूकता का जिम्मा संभाल रही आशा कार्यकर्ता लोगों को बता रही हैं कि ठीक से हाथ धोएंएल्कोहल युक्त सैनिटाइजर लगाएं। खांसते या छींकते वक्त कोहनी को मोड़कर अपना मुंह ढक लें। आंख नाक और मुंह को छूने से बचें क्योंकि गंदे हाथों से यह वायरस आपके अंदर पहुंच सकता है। इसके अलवा संचारी रोगों से बचने के उपाय बताते हुए लोगों से अपील की जा रही है कि इस मौसम में मच्छर ज्यादा पैदा होते हैंइसलिए अपने घरों में और आसपास साफ सफाई रखें। अनावश्यक पड़े पात्रों में पानी न भरने दें। इधर उधर कूड़ा न बिखेरें। लोगों को बताया जा रहा है कि सभी मिल कर कोरोना और संचारी रोगों को पनपने से रोग सकते हैंइसके लिए बस सामूहिक प्रयास की जरूरत है।