मध्य प्रदेश की सियासत में बड़ा दिन आज, छिन जाएगा कमल का ताज? 1 बजे राज्यपाल से करेंगे मुलाकात


मध्य प्रदेश में पिछले दो हफ्तों से चल रहे सियासी खेल में आज सबसे अहम दिन है। जब राज्य की सियासत किस ओर करवट लेगी इसका पता तल जाएगा। मध्य प्रदेश विधानसभा में आज शाम 5 बजे तक कमलनाथ सरकार का बहुमत परीक्षण हो जाएगा। सुप्रीम कोर्ट ने बीते दिन फ्लोर टेस्ट कराने का आदेश दिया है। कमलनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।पत्रकारों को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश चुनाव में सबसे ज्यादा सीटें कांग्रेस को मिली। 15 महीने में मैंने क्या गलती की? पांच साल का मौका दिया था प्रदेश को नई पहचान देने का 15 महीने में देश को नई दिशा देने की कोशिश की। 45 साल के राजनीतिक जीवन में हमेशा विकास पर विश्वास किया। बीजेपी ने करोड़ो खर्च कर खरीद-फरोख्त का खेल खेला।
कमलनाथ ने राज्यपाल से 1 बजे मिलने का समय मांगा है। जिसके बाद ये कयास लगाए जा रहे हैं कि वो इस्तीफा दे सकते हैं। ऐसी भी खबर आ रही है कि बागी विधायकों के अलावा शेष बचे 92 कांग्रेस विधायक भी इस्तीफा दे  सकते हैं। 

फ्लोर टेस्ट से पहले कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने बहुमत का आंकड़ा होने पर शक जताते हुए एक निजी चैनल को कहा कि 22 विधायकों के इस्तीफे के बाद कमलनाथ सरकार के पास नंबर नहीं है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि पैसे और सत्ता के दमपर बहुमत वाली सरकार को अल्पमत में लाया गया है। वहीं बीजेपी को भी आज एक झटका लगा जब फ्लोर टेस्ट से पहले बीजेपी विधायक शरद कौल ने इस्तीफा दे दिया। 

अब तक 23 विधायकों के इस्तीफें मंजूर हो गए हैं। इसमें 22 कांग्रेस और एक बीजेपी के विधायक हैं।