गृह सचिव से मिले दिल्ली पुलिस आयुक्त

नयी दिल्ली 13 जनवरी (वार्ता) राजधानी दिल्ली में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच दिल्ली पुलिस आयुकत अमूल्य पटनायक ने आज यहां केन्द्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला से मुलाकात की।
इस कानून के संसद में पारित होने के बाद से छात्रों और कुछ क्षेत्रों में स्थानीय लोगों के विरोध प्रदर्शनों के चलते राजधानी में कई बार प्रदर्शनकारियों और पुलिस का आमना सामना भी हुआ है। पुलिस ने पिछले एक महीने में विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी घटनाओं में 94 लोगों को गिरफ्तार किया है।
श्री पटनायक ने गृह सचिव को राजधानी दिल्ली में विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों और अन्य इलाकों के हालातों से अवगत कराया। उन्होंने राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी भी श्री भल्ला को दी।
सीएए के विरोध में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय तथा जामिया मिल्लिया विश्वविद्यालय में छात्रों ने कई बार विरोध प्रदर्शन किये हैं। इन छात्रों ने मंडी हाउस और जंतर मंतर पर भी प्रदर्शन किये जिनमें कई राजनीतिक दलों के नेता भी शामिल हुए हैं।
इसके अलावा जाफराबाद, सीमापुरी तथा जामा मस्जिद में भी हिंसा की धटनाएं हुई हैं। जामिया मिल्लया विश्वविद्यालय और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में भी हिंसा हुई है।