नीतीश ने खगेंद्र ठाकुर के निधन पर व्यक्त की शोक संवेदना


पटना 14 जनवरी (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हिन्दी के जाने-माने साहित्यकार, आलोचक और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के वयोवृद्ध नेता डाॅ. खगेंद्र ठाकुर के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की।
श्री कुमार ने आज यहां अपने शोक संदेश में कहा कि डाॅ. ठाकुर साहित्य के शिखर पुरुष थे। वे चिंतक, आलोचक के साथ-साथ कवि भी थे। उनका दुनिया से जाना साहित्य जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। राजनैतिक शख्सियत के रूप में भी श्री ठाकुर वामपंथी विचारों के नायकों में से एक रहे है।
मुख्यमंत्री ने दिवगंत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
उल्लेखनीय है कि हिंदी के प्रसिद्ध आलोचक एवं भाकपा के वयोवृद्ध नेता खगेंद्र ठाकुर का सोमवार को पटना के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। श्री ठाकुर के परिवार में एक पुत्र और दो बेटियां है। प्रगतिशील लेखक संघ के महासचिव रहे श्री ठाकुर कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। उन्हें गत दिनों एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां कल अपराह्न उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार आज पटना में किया जाएगा।