राष्ट्रपति अभिभाषण के मुख्य बिन्दु

नयी दिल्ली 31 जनवरी (वार्ता)। संसद के बजट सत्र के प्रथम दिन दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण के मुख्य बिन्दु इस प्रकार हैं :
1..इस दशक में, हमारी स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होंगे। इस दशक में, हम सभी को मिलकर नई ऊर्जा के साथ नए भारत के निर्माण को गति देनी है।
2..गांधी के ग्राम स्वराज, अंबेडकर की सामाजिक न्याय की नीति, नेहरू के आधुनिक भारत बनाने का स्वप्न, सरदार पटेल का एक भारत-श्रेष्ठ भारत का संकल्प, दीन दयाल उपाध्याय का अंत्योदय का लक्ष्य और लोहिया के समता समाज का दर्शन पूरा करेंगे।
3..पिछले 7 महीनों में संसद ने काम करने के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। इस लोकसभा के पहले सत्र में, सदन द्वारा कार्य निष्पादन, पिछले सात दशकों में एक नया रिकॉर्ड रहा है।
4..पारस्परिक चर्चा-परिचर्चा तथा वाद-विवाद लोकतंत्र को और सशक्त बनाते हैं। वहीं विरोध के नाम पर किसी भी तरह की हिंसा, समाज और देश को कमजोर करती है।
5.. देश की जनता ने मेरी सरकार को ये जनादेश, नए भारत के निर्माण के लिए दिया है। ऐसे नए भारत के लिए तथा लोगों की अपेक्षाओं की पूर्ति के लिए, मेरी सरकार हर क्षेत्र में परिवर्तन लाने के लिए सराहनीय गति और निर्णय क्षमता दिखाते हुए काम कर रही है।
6..सरकार की योजनाओं ने हर धर्म, हर क्षेत्र के गरीबों के हित में, समानता के साथ, सहायता व सुविधाएं पहुंचाई हैं और इसलिए देश के लोगों का विश्वास भी अर्जित किया है।
7..संसद के दोनों सदनों द्वारा दो तिहाई बहुमत से संविधान के अनुच्छेद 370 और अनुच्छेद 35 ए को हटाया जाना, न सिर्फ ऐतिहासिक है बल्कि इससे जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के समान विकास का भी मार्ग प्रशस्त हुआ है।
8..सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सफलता ने तथा सरकार द्वारा लिए गए ऐतिहासिक फैसलों ने, देशवासियों की अपेक्षाएं भी बढ़ाई हैं और सरकार का दायित्व भी।
9..श्री गुरु तेग बहादुर जी का 400वां प्रकाश पर्व भी पूरी भव्यता और दिव्यता के साथ मनाया जाएगा। राजा राममोहन राय की 250वीं जयंती भी भव्यता के साथ मनाई जाएगी।
10..किसानों, खेतिहर मजदूरों, असंगठित क्षेत्र के मजदूरों तथा छोटे व्यापारियों की पेंशन योजनाओं से करीब 60 लाख लाभार्थी जुड़ चुके हैं।
11..हर घर तक पर्याप्त मात्रा में शुद्ध पेय जल पहुंचे, इसके लिए सरकार ने जल जीवन मिशन शुरू किया है। देश के सबसे संकटग्रस्त ऐसे सात राज्यों में जहां भूजल का स्तर तेजी से घट रहा है वहां विशेष तौर पर अटल भूजल योजना शुरू की है।
12..देश के 112 जिलों को आकांक्षी जिले का दर्जा देकर इनमें गरीबों के विकास से जुड़ी एक-एक योजना पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
13..वर्ष 2022 तक सिक्किम, मिजोरम, मणिपुर और नागालैंड की राजधानियां रेल नेटवर्क से जुड़ जाएंगी। अगरतला-अखौरा रेल लिंक पर भी काम तेजी से चल रहा है। वर्ष 2022 में ही अरुणाचल प्रदेश के ‘हलोंगी’ में बन रहे नए एयरपोर्ट का काम भी पूरा हो जाएगा।
14..नॉर्थ ईस्ट गैस ग्रिड प्रोजेक्ट के लिए लगभग 9 हजार करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यह प्रोजेक्ट नॉर्थ ईस्ट के सभी 8 राज्यों में गैस आधारित अर्थव्यवस्था का आधार बनेगा।
15..बोडो समुदाय के विकास के लिए सरकार द्वारा 1500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
16..सरकार का विशेष बल आदिवासियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास पर है।
17..सरकार अल्पसंख्यक वर्ग की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक प्रगति के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। अल्पसंख्यक वर्ग के 2 लाख 65 हजार हुनरमंद कारीगरों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
18..सरकार द्वारा दिव्यांगजनों का नेशनल डेटाबेस भी बनाया जा रहा है और 25 लाख से ज्यादा दिव्यांगजनों को ई-आधार कार्ड जारी किए जा चुके हैं। छह हजार सांकेतिक शब्दों की एक विशेष डिक्शनरी बनाई जा चुकी है।
19..संसद के दोनों सदनों द्वारा नागरिकता संशोधन कानून बनाकर गांधी एवं राष्ट्रनिर्माताओं के वादोें को पूरा किया गया है।
20..पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार की निंदा करते हुए विश्व समुदाय से इसका संज्ञान लेने और इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
21..भारत की नागरिकता लेने के इच्छुक दुनिया के सभी पंथों के व्यक्तियों के लिए जो प्रक्रियाएं पहले थीं, वे आज भी वैसी ही हैं। किसी भी पंथ का व्यक्ति इन प्रक्रियाओं को पूरा करके, भारत का नागरिक बन सकता है।
22..प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 8 करोड़ से ज्यादा किसान-परिवारों के बैंक खाते में 43 हज़ार करोड़ रुपए से अधिक राशि जमा कराई जा चुकी है। दलहन और तिलहन की खरीद में 20 गुना से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।
23..किसानों के लिए शुरू किए गए ऑनलाइन राष्ट्रीय बाज़ार सेे देश के एक करोड़ 65 लाख किसान एवं करीब सवा लाख व्यापारी इससे जुड़ चुके हैं। इसमें 400 से ज्यादा नई मंडियों को इससे जोड़ने पर काम चल रहा है।
24..प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अब तक 75 लाख गरीब अपना मुफ्त इलाज करा चुके हैं। इसके साथ ही 27 हज़ार से अधिक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भी तैयार हो चुके हैं।
25..सरकार ने सिर्फ एक रुपये में ‘सुविधा’ नामक ऑक्सो-बायोडिग्रेडेबल सैनिटरी नैपकिन देने की भी शुरुआत की है।
26..मुद्रा योजना के तहत देश में 5 करोड़ 54 लाख से ज्यादा नए उद्यमियों ने ऋण लिया है।
27..सवा लाख से ज्यादा ग्राम पंचायतों को हाई स्पीड ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से जोड़ा जा चुका है।
28..सरकार भारत की अर्थव्यवस्था को 5000 अरब डॉलर के लक्ष्य तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध। विदेशी मुद्रा भंडार 450 अरब डॉलर से भी ऊपर।
29..भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश बना। सरकार द्वारा ऑटोमोबाइल और रेलवे में भी मेक इन इंडिया को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
30.. आत्मनिर्भर भारत के लिए ‘उज्ज्वल कल के लिए लोकल’ को एक आंदोलन बनायें। नागरिक स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता दें।