रेस 3 को फ्लॉप फिल्म नहीं मानते हैं रेमो डिसूजा



मुंबई 30 जनवरी (वार्ता)। बॉलीवुड के जानेमाने कोरियोग्राफर-निर्देशक रेमो डिसूजा फिल्म रेस 3 को फ्लॉप फिल्म नहीं मानते हैं।



रेमो ने वर्ष 2018 में सलमान खान को लेकर फिल्म रेस 3 बनायी थी हालांकि फिल्म उम्मीद के अनुरूप कारोबार नहीं कर सकी। रेस 3 को असफल फिल्म माना गया। रेमो डिसूजा रेस 3 को फ्लॉप फिल्म नहीं मानते हैं। उन्होंने कहा कि अन्य फिल्में 120 से 130 करोड़ रुपये कमाकर ब्लॉकबस्टर घोषित कर दी जाती हैं लेकिन लोगों को लगता है कि उनकी रेस 3 ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा परफॉर्म नहीं किया।



रेमो ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि रेस 3 असफल फिल्म थी। उन्होंने कहा कि लोग फिल्मों पर बात करते हैं, फिर चाहे वह हिट हो, फ्लॉप हो या फिर ब्लॉकबस्टर लेकिन अब उनका फोकस बॉक्स ऑफिस कलेक्शन और यह जानने पर होता है कि फिल्म ने पहले वीकेंड में कितनी कमाई की। रेमो की हाल ही में 'स्ट्रीट डांसर 3डी' रिलीज हुयी है। फिल्म में वरुण धवन श्रद्धा कपूर, नोरा फतेही, प्रभुदेवा और अपारशक्ति खुराना हैं।