दिल्ली में शाह और नड्डा के साथ रैलियों को संबोधित करेंगे नीतीश


नयी दिल्ली 02 फरवरी (वार्ता)। बिहार के मुख्यमंत्री एवं जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार रविवार को गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा के साथ राष्ट्रीय राजधानी में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।



जनता दल (यू), भाजपा और केन्द्रीय मंत्री राम विलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी के साथ गठबंधन कर दो सीटों पर चुनाव लड़ रही है। ये दोनों सीटें संगम विहार और बुराड़ी की हैं।



दिल्ली में जद(यू) के प्रवक्ता सत्या प्रकाश मिश्रा ने कहा, “हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, भाजपा अध्यक्ष नड्डा के साथ शाम चार बजे संगम विहार में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।”



श्री मिश्रा ने यह भी कहा कि शाम को सात बजकर 45 मिनट पर बुराड़ी में श्री शाह और श्री कुमार संयुक्त रूप से एक रैली को संबोधित करेंगे।



प्रशांत किशोर और पवन वर्मा को जद (यू) निकालने के बाद यह पहली संयुक्त रैली होगी। पार्टी के दो बागी नेताओं ने नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ अपनी आवाज उठाई है। गौरतलब है कि राजधानी के संगम-विहार और बुराड़ी में बिहार के लोगों की अच्छी खासी संख्या है।