रविवार को शपथ लेंगे अरविंद केजरीवाल, रामलीला मैदान में होगा समारोह



 



नयी दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के मंगलवार को आए नतीजों के मुताबिक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल नीत आम आदमी पार्टी (आप) ने सत्ता बरकरार रखने के साथ-साथ 2015 के प्रदर्शन को करीब-करीब दोहराया है। केजरीवाल का तीसरी बार मुख्यमंत्री बनना तय है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि अरविंद केजरीवाल रविवार यानि कि 16 फरवरी को शपथ लेंगे। उनके साथ उनकी कैबिनेट भी शपथ लेगी। शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के रामलीला मैदान में होगा।



आपको बता दें कि पार्टी को 70 सदस्यीय विधानसभा में 62 सीटों पर जीत मिली है जबकि भाजपा ने आठ सीटों पर जीत दर्ज की है। आम आदमी पार्टी को 2015 में 67 सीटों पर जीत मिली थी। चुनाव आयोग की ओर से घोषित अंतिम नतीजों के मुताबिक आप ने 53.57 फीसदी मतों के साथ कुल 62 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा को 38.51 प्रतिशत मत और आठ सीटों पर जीत मिली। वहीं, कांग्रेस लगातार दूसरी बार दिल्ली विधानसभा में अपना खाता नहीं खोल सकी।