समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढायेंगे भारत और मेडागास्कर

 



लखनऊ 06 फरवरी (वार्ता)। भारत और मेडागास्कर ने समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढाने की प्रतिबद्धता दोहरायी है।



रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यहां चल रही पांच दिन की रक्षा प्रदर्शनी 'डेफ एक्सपो 2020' के दूसरे दिन मेडागास्कर के रक्षा मंत्री लेफ्टिनेंट जनरल आर रिचर्ड के साथ द्विपक्षीय बैठक की।



बातचीत के दौरान श्री सिंह ने क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की समुद्री सीमा जुड़ी होने के मद्देनजर दोनों की जिम्मेदारी बनती है कि वे समुद्री क्षेत्र में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करें जिससे कि व्यापार संबंधी गतिविधियां सुचारू ढंग से चल सके।



राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की गत वर्ष मार्च में मेडागास्कर की यात्रा का उल्लेख करते हुए श्री सिंह ने कहा कि इस ऐतिहासिक यात्रा से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध और प्रगाढ़ हुए हैं। इस दौरान हुए करारों से दोनों के बीच रक्षा सहयोग बढाने का फ्रेमवर्क तैयार हुआ है।



श्री सिंह ने उम्मीद जतायी कि यह रक्षा प्रदर्शनी दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को बढाने में मददगार साबित होगी और परस्पर सहयोग की संभावानाओं के अन्य क्ष़़ेत्रों का भी पता चलेगा।



श्री रिचर्ड ने कहा कि हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बनाये रखने में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने चक्रवाती तूफान डियाने के दौरान भारतीय नौसेना द्वारा की गयी मदद के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने श्री सिंह को 26 जून को मेडागास्कर के स्वतंत्रता दिवस समारोह में आने के लिए निमंत्रण भी दिया।