69 घंटे तक फंसे चीनी आदमी को क्वारेंटाइन होटल के मलबे से जिंदा बाहर निकाला


बीजिंग। दक्षिण पूर्वी चीन में एक होटल के मलबे में से 69 घंटे बाद एक शख्स को जीवित निकाला गया है। इस होटल के ढहने के कारण कम से कम 20 अन्य लोगों की मौत हो गई।




सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने खबर दी है कि मंगलवार दोपहर को मलबे में से निकाले जाने के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। शनिवार को होटल के ढहने के बाद से नौ अन्य लोग लापता हैं।
इससे पहले सोमवार की आधी रात को 10 साल के एक बच्चे और उसकी मां को मलबे में से निकाला गया था। वे मलबे में 52 घंटे तक फंसे रहे थे। मलबे में से जीवित निकाले गए सभी तीन लोगों की स्थिति के बारे में जानकारी नहीं है।


क्वांझू में स्थित इस होटल का इस्तेमाल कोरोना वायरस के संदिग्ध संक्रमितों को पृथक रखने के लिए किया जा रहा था। चीन में कोरोना वायरस से अब तक 80,000 से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं।